विश्व मृदा दिवस पर किसानों को दी गई मिट्टी संरक्षण की जानकारी

न्यूज़ 9 टाइम्स बगहा अनुमंडल के गंडक पार से मनोज यादव की रिपोर्ट :

विश्व मृदा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ठकराहा प्रखंड के ई-किसान भवन में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। मिट्टी संरक्षण, उर्वरता बनाए रखने और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।


जिला मुख्यालय से आए सहायक निदेशक (कृषि) सत्य मुस्तफा अंसारी ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के प्रमुख उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मिट्टी की सेहत फसल उत्पादन का मुख्य आधार है और इसके संरक्षण के लिए जैविक खाद, हरी खाद, फसल चक्र और सूक्ष्म तत्वों का संतुलित उपयोग आवश्यक है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मिट्टी की गुणवत्ता को समझकर ही उर्वरकों का प्रयोग करें।


प्रखंड कृषि समन्वयक अनिल उपाध्याय, अरविंद चौबे और हरेंद्र कुमार ने क्रमवार किसानों को मिट्टी जांच की प्रक्रिया, आवश्यक पोषक तत्वों और उनकी कमी से होने वाले प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी जांच रिपोर्ट के आधार पर ही सही उर्वरक सिफारिश संभव है, जिससे लागत कम और उत्पादन बेहतर होता है।


कृषि तकनीकी सहायक बलिराम राम ने किसानों को मृदा नमूना लेने की वैज्ञानिक विधि और प्रयोगशाला जांच की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे प्रत्येक फसल चक्र के बाद मृदा परीक्षण अवश्य कराएं।


कार्यक्रम में किसान सलाहकार प्रभुनाथ तिवारी, गीता देवी, प्रदीप कुमार सहित लगभग 75 किसान उपस्थित रहे। आयोजकों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में मृदा जांच कर खेती को लाभकारी बनाने की अपील की।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ